Thursday, November 12, 2026

पहरेदार ही चोर है (The watchman is the thief)





                                                                पहरेदार ही चोर है 

यह बहुत बड़ी विडंबना है कि जितनी भी क्रांतियां इस धरती पर ज्ञात इतिहास में हुई हैं, अपवादस्वरूप कुछ को छोड़कर उनका अंजाम कट्टरता बढ़ाने में ही अधिक रहा है।हर क्रांति के पीछे मौजूद व्यक्ति को भगवान् बना दिया जाता रहा है तथा उस व्यक्ति द्वारा स्थापित संगठन को सब कुछ मान लिया जाता है।उस व्यक्ति और और उसके संगठन को सर्वोत्तम सत्य तथा बाकी लोगों और संगठनों को झूठा सिद्ध करने में पूरी ताकत झोंक दी जाती है।अब तक की परिपाटी यही दिखाई पड़ रही है।कार्ल मार्क्स और उनके साम्यवाद का क्या हुआ? आज भारत में कांग्रेस, हिंदू महासभा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, संपूर्ण क्रांति, भाजपा का क्या हाल है? गांधी और गांधीवाद  की क्या अवस्था है? अंबेडकर और आंबेडकरवाद की किस अवस्था में है? भक्ति संप्रदाय में कबीर,नानक,दादू,रविदास आदि की तथा इनके अनुयायी किस हालत में हैं? वर्तमान में नामदानी संप्रदाय के बीसियों गुरुओं और उनके संगठनों की क्या हालत है? भगवान् श्रीराम और श्रीकृष्ण के नाम पर चल रहे सैकड़ों संप्रदाय कैसे रह रहे हैं? भगवान् शिव की आड़ लेकर चलने चल रहे विभिन्न संप्रदाय कैसी अवस्था में हैं? येरुसलम में जन्मे यहुदी, ईसायत और इस्लाम तथा इनसे उत्पन्न सैकड़ों संप्रदायों की क्या हालत है? भारत में पिछले 150 वर्षों के कालखंड में उत्पन्न बह्म समाज, आर्यसमाज, रामकृष्ण मिशन, राधास्वामी, ब्रह्माकुमारी, इस्कान, रजनीश फाउंडेशन, ईशा फाउंडेशन, कृष्णमूर्ति फाउंडेशन, पतंजलि योग संस्थान, साईं बाबा संस्थान आदि तथा इनके संस्थापकों की क्या हालत है? इनमें से सभी खुद को सही और बाकी सभी को गलत सिद्ध करने पर अपनी पूरी ऊर्जा खर्च करने में लगे हुये हैं। जिस उद्देश्य के लिये इनका निर्माण हुआ था, वह पीछे छूट गया है तथा खुद का लाभ, खुद की प्रतिष्ठा, गुरुडम और व्यापार मुख्य उद्देश्य बन गये हैं। यदि कोई प्रश्न पूछे, तो उसकी खैर नहीं है। उसे भावनाओं को ठेस पहुंचाने के अपराध में परेशान किया जाता है। जिनका काम ही दर्शनशास्त्र, धर्म और योग-साधना को जनमानस के नित्यप्रति के आचरण में उतारना था, वो यह कर्तव्य निभाना छोड़कर बिजनेस और गुरुडम फैलाने में व्यस्त होकर रह गये हैं। जिनका काम व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के जीवन से अनैतिकता, कपट, छल, भ्रष्टाचार, अन्याय, पाखंड, कुरीतियों, गुरुडम और ढोग को दूर करना था, वो स्वयं ही इन बिमारियों को फैलाने में लग गये हैं। धर्मसत्ता, राजसत्ता, धनसत्ता और बलसत्ता-ये चारों कर्तव्यभ्रष्ट होकर रह गये हैं।


डॉ. शीलक राम आचार्य 
वैदिक योगशाला

No comments:

Post a Comment